अब तय होगा सिर्फ 2.5 घंटे में दिल्ली से देहरादून का सफर
नई दिल्ली।
दिल्ली से देहरादून का सफर अब आपके लिए और भी आसान व कम समय वाला होने जा रहा है। केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने गुरुवार को कहा कि उनके मंत्रालय ने दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे को मंजूरी दे दी है, इसे एक्सप्रेसवे को 13 हजार करोड़ रुपए की लागत से बनाया जाएगा। गडकरी ने कहा कि इस प्रस्तावित एक्सप्रेसववे पर 10 एलीवेटेड सड़क होगी और दिल्ली से देहरादून का सफर महज 2.5 घंटों में तय किया जा सकेगा जोकि पहले 6.5 घंटे में तय होता था। नितिन गडकरी ने बताया कि मौजूदा समय में दिल्ली-सहारनपुर इकोनॉमिक कॉरिडोर का निर्माण चल रहा है वह अगले दो साल में बनकर तैयार हो जाएगा।
कम होगी दूरी, 2.5 घंटे में तय होगा सफर दिल्ली-देहरादून एक्स्प्रेस वे के बनने से दिल्ली और देहरादून के बीच की दूरी 20 किलोमीटर कम हो जाएगी और सफर में 6.5 घंटे की बजाए महज 2.5 घंटे का समय लगेगा। इस एक्सप्रेसवे पर 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गाड़ी चलाने की इजाजत होगी। इस एक्सप्रेसवे पर 10 एलिवेटेड सड़क होंगी और यह देश का पहला ऐसा एक्सप्रेसवे होगा जिसमे 10 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड कॉरिडोर होगा जिससे कि वाइल्डलाइफ को किसी भी तरह का कोई नुकसान नहीं पहुंचे।
जून माह में शुरू होगा प्रोजेक्ट एक्सप्रेसवे पर हर 25-30 किलोमीटर की दूरी पर अलग-अलग तरह की सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी, जिससे कि यहां यात्रा करने वाले यात्रियों को किसी भी तरह की कोई दिक्कत ना हो। साथ ही क्लोज टोल मैकेनिज्म का इस्तेमाल किया जाएगा जिससे कि आपक सिर्फ उतनी ही दूरी का टोल देना पड़े जितनी दूरी तक आपने एक्सप्रेस वे पर गाड़ी चलाई है। इस एक्सप्रेसवे का निर्माण कार्य इसी साल जून माह में शुरू हो जाएगा। पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा माना जा रहा है कि इस एक्सप्रेसवे के तैयार हो जाने के बाद प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।

पाठको की राय